देहरादून, राजधानी दून के राजभवन में वसंतोत्सव के आयोजन का इंतजार खत्म. आगामी आठ व नौ मार्च को वसंतोत्सव का आयोजन होगा। इस मौके पर राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में पाई जाने वाली और मां यमुना के मंदिर पर अर्पित की जाने वाली यमुना तुलसी या कुंज पर स्पेशल पोस्टल कवर को डाक विभाग जारी करेगा। राज्यपाल ले. जन. गुरमीत सिंह (सेनि) की अध्यक्षता में शुक्रवार को राजभवन में हुई बैठक में वसंत उत्सव को लेकर विभिन्न निर्णय लिए गए। राज्यपाल के निर्देश पर उत्तराखंड के लोकपर्व फूलदेई के आयोजन के साथ राजभवन में वसंतोत्सव आरंभ होगा।
इस अवसर पर नन्हीं बालिकाएं राजभवन प्रांगण में फूलदेई पर्व में शामिल होंगी। राज्य के लोकगीतों के साथ राज्यपाल का स्वागत किया जाएगा। उन्होंने वसंतोत्सव पर आइएचएम व जीएमवीएन के साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों के सौजन्य से फूड कोर्ट स्थापित करने के निर्देश दिए। इसमें राज्य के भोजन व व्यंजन को प्राथमिकता दी जाएगी।
वसंतोत्सव में शहद उत्पादन, इत्र, सगंध पौधों, औषधीय जड़ी-बूटियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। मशरूम, शहद उत्पादन, जड़ी-बूटी, जैविक खेती में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच ब्रांड एंबेसडर को सम्मानित किया जाएगा। राज्यपाल ने कहा कि खाद्य फूलों के उत्पादन को भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। इस वर्ष फूलों की प्रदर्शनी के साथ विभिन्न प्रकार के सजावटी गमलों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का मुख्य केंद्र होगी। इसमें आठ इंच, 10 इंच व 12 इंच के गमलों की तीन श्रेणियां होंगी।

-उत्सव में पांच वर्ष से 18 वर्ष के स्कूली बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता भी होगी।
-इस प्रतियोगिता के लिए 21 पुरस्कार होंगे
-राज्यपाल इन बच्चों को पुरस्कृत करेंगे।
-राजभवन में पुष्प प्रदर्शनी आम जनता के लिए आठ मार्च को दोपहर 12 बजे से शाम छह बजे और नौ मार्च को सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक खुली रहेगी।
-इस वर्ष कुल 13 श्रेणियों में 147 पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
-आठ मार्च की शाम संस्कृति विभाग की ओर से लोक कलाकार सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत करेंगे।
– फूलों की होली सांस्कृतिक कार्यक्रमों की थीम रहेगी।
– आइटीबीपी, आइएमए बैंड के साथ ही अन्य आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
-उत्सव में 33 विभाग व संस्थाएं प्रतिभाग करेंगी।
-राज्यपाल ने 92 केंद्रीय संस्थानों को भी आयोजन में शामिल करने के निर्देश दिए।
– नौ मार्च को राज्यपाल विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत कर कार्यक्रम का समापन करेंगे।