भगत सिंह कोश्यारी के करीबी पुष्कर सिंह धामी बने उत्तराखंड के 11 वें सीएम 

कितने विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे, अब तक स्पष्ट नहीं, शाम छह बजे राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा

देहरादून, खटीमा से विधायक पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड का 11वां सीएम बनाया गया है. शनिवार को प्रदेश मुख्यालय में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में धामी को नया नेता चुना गया. पुष्कर धामी, तीरथ सिंह रावत का स्थान लेंगे. वह उत्तराखंड में अब तक के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री होंगे. शनिवार दोपहर तीन बजे भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हुई विधायक दल की बैठक में पुष्कर सिंह धामी के नाम पर मुहर लगी. धामी के नाम पर रखे गए प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया. भाजपा प्रदेश मुख्यालय में विधायक दल की बैठक के लिए विधायक और पार्टी नेता दोपहर 12 बजे से ही जुटना शुरू हो गए थे. कार्यकत्र्ताओं का जमावड़ा भी प्रदेश कार्यालय में दिखा. नए मुख्यमंत्री को लेकर समर्थक अपने नेताओं के नाम के कयास लगा रहे थे. करीब 2.45 बजे केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में केंद्रीय मंत्री एनएस तोमर, राष्ट्रीय महासचिव डी पुरंदेश्वरी के साथ प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम प्रदेश मुख्यालय पहुंचे. इस दौरान विधायकों व सांसदों का भाजपा मुख्यालय पहुंचने का सिलसिला जारी रहा. मुख्यालय के भीतर केवल विधायकों व पदाधिकारियों को ही प्रवेश दिया जा रहा था. पुष्कर धामी के नए सीएम चुने जाने के बाद धन सिंह रावत, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, सतपाल महाराज, ऋतु खंडूड़ी के नामों पर विराम लग गया है. इधर, शाम छह बजे राजभवन में नए सीएम पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के सीएम की शपथ लेंगे. बताया जा रहा है कि इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. पहले दिन कितने विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे, अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *