
देहरादून, प्रदेश के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे बीजेपी विधायक दल के नेता पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव बड़ी चुनौती हैं, लेकिन पार्टी इसे अवसर में बदलने की कोशिश करेगी। शनिवार शाम बीजापुर गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जो भी चुनौतियां हैं, उनसे हम सब मिलकर निबटेंगे। धामी ने कहा कि सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास के मूलमंत्र को प्रदेश में चरितार्थ किया जाएगा। पार्टी के जो वरिष्ठ लोग हैं और जिन्होंने पहले तमाम कार्यों की शुरुआत की है, उन्हें पूरा करने की कोशिश की जाएगी।
मंत्रिमंडल पर होमवर्क होगा
मंत्रिमंडल को लेकर पूछे गए सवाल पर धामी ने कहा कि अभी इस विषय पर चर्चा होनी है। होमवर्क पूरा होने के बाद ही वह इस विषय में कुछ कहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में युवा बेरोजगार हैं। इन हाथों को रोजगार से जोडऩे पर वह ध्यान केंद्रित करेंगे। पूर्व में जब वह भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष थे तो तब युवाओं को रोजगार देने की मांग को लेकर उन्होंने कई बार आंदोलन भी किए।