–अब राज्य में रात्रि में 10 से सुबह छह बजे तक प्रभावी रहेगा कर्फ्यू
-कैबिनेट के निर्णय के बाद कोविड नियंत्रण के लिए शासन ने जारी किए दिशा-निर्देश
-प्रदेश में अब सुबह 6 से रात 10 बजे तक खुलेंगे बाजार, साप्ताहिक बंदी का कड़ाई से होगा अनुपालन
-अन्य राज्यों से आने वालों के लिए कोविड वैक्सीनेशन की दोनों डोज का प्रमाणपत्र अथवा 72 घंटे पहले की कोरोना जांच की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य
देहरादून, कोरोना और उसके नए वैरिएंट ओमिक्रोन को रोकने के लिए सरकार सक्रिय हो गई है। इस कड़ी में राज्य में लागू रात्रि कफ्र्यू की अवधि दो घंटे बढ़ा दी गई है। बुधवार शाम को शासन ने कोरोना पर नियंत्रण के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए। अन्य राज्यों से उत्तराखंड आने वालों के लिए कोविड वैक्सीनेशन की दोनों डोज का प्रमाणपत्र या फिर 72 घंटे पहले की कोरोना जांच की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य की गई है. कहा गया है आदेश 7 जनवरी से प्रभावी माने जाएंगे. बुधवार को ही राज्य में कोरोना के पांच सौ से अधिक मामले सामने आए। यही नहीं, कोराना का नया वैरिएंट ओमिक्रोन भी प्रदेश में दस्तक दे चुका है। ऐसे में सरकार की चिंता लगातार बढ़ रही है। बुधवार को हुई धामी मंत्रिमंडल की बैठक में भी इस संबंध में चर्चा हुई। साथ ही राज्य में लागू रात्रि कर्फ्यू की अवधि रात 10 से सुबह छह बजे तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया। वर्तमान में यह अवधि रात्रि 11 से सुबह पांच बजे तक है।
-बाजार सुबह छह से रात 10 बजे तक खुलेंगे।
-बाजारों में पहले से निर्धारित साप्ताहिक बंदी का अनुपालन होगा.
-आमजन को फल-सब्जी की खरीद के लिए सीधे मंडी परिसर में प्रवेश की परमिशन नहीं होगी.
-पब्लिक ट्रांसपोर्ट के अंतर्गत राज्य के भीतर और अन्य राज्यों से आवागमन परिवहन विभाग की ओर से पूर्व में जारी एसओपी अनुरूप होगा।
-अन्य राज्यों से उत्तराखंड आने वाले व्यक्तियों के लिए अब कोविड वैक्सीनेशन की दोनों डोज का प्रमाणपत्र जरूरी होगा।
-अन्य राज्यों से उत्तराखंड आने वाले सेना व अद्र्धसैनिक बलों के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों को कोविड परीक्षण के प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं होगी
-ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों, पर्यटक स्थलों, बाजार, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मंडी, शापिंग माल व अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों में कोविड प्रोटोकाल का पालन कराए जाएगा.
-ओमिक्रोन से बचाव के लिए सभी जिलों में पब्लिक अवेयरनेस होगी.