ये कांग्रेस में क्या चल रहा है, दो नेताओं के समर्थकों में चले लात-घूसे..

देहरादून, कांग्रेस में भले ही पार्टी सब कुछ ठीकठाक और मिशन 2022 की तैयारियों में जुट जाने का दावा कर रही हो, लेकिन सच्चाई अलग है। कुछ ऐसा ही हाल पूर्व सीएम व कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष हरीश रावत और हाल ही में नेता प्रतिपक्ष बनाए गए प्रीतम सिंह के समर्थकों में देखने को मिला। दरअसल, किस्सा मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे का है। कांग्रेस भवन के मुख्य गेट पर पार्टी के नेताओं के समर्थकों में नारेबाजी होने लगी. प्रीतम सिंह को उनके युवा कांग्रेस के समर्थक कंधे पर बिठाकर राजपुर रोड स्थित कांग्रेस भवन की ओर नारेबाजी करते हुए आ रहे थे. इसी दौरान कांग्रेस भवन के गेट के बाहर युवा कांग्रेस हरिद्वार ग्रामीण के पदाधिकारियों ने हरीश रावत जिंदाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिया. प्रीतम सिंह के समर्थक पार्टी कार्यालय के गेट के पास पहुंचे तो हरीश रावत के समर्थक उनके बीच घुसकर नारेबाजी करने लगे. प्रीतम के समर्थकों को यह नागवार गुजरा. उन्होंने युवा कांग्रेस हरिद्वार ग्रामीण के प्रदेश महामंत्री परवेज आलम सहित एक दर्जन समर्थकों को पीट दिया. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ. यही नहीं, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के सम्मान के लिए बनाए गए मंच में भी बीच-बीच में प्रीतम और हरीश रावत के समर्थक आमने-सामने आकर अपने नेताओं के पक्ष में नारे करते रहे. इधर, कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह का काफिला डोईवाला से दून तक जनता के लिए परेशानी का सबब बना रहा. नवनियुक्त अध्यक्ष गणेश गोदियाल के काफिले के स्वागत के लिए जगह-जगह रोके जाने के कारण जाम लगता रहा. जिस कारण लोगों को खासी सड़कों पर चलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *