सीएम हेल्पलाइन की फोर्स क्लोज शिकायत की डीएम ने मौके पर पहुंचकर जांची हकीकत

देहरादून, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त फोर्स क्लोज शिकायतों के निस्तारण की हकीकत परखने के लिए आज चकराता रोड, जीएमएस रोड एवं शिमला बाईपास रोड का स्थलीय निरीक्षण किया।डीएम ने मौके पर सड़कों की स्थिति, संचालित कार्यों की प्रगति और शिकायतों के धरातलीय निस्तारण का जायजा लिया और शिकायतकर्ता से खुद दूरभाष पर वार्ता कर संतुष्टि का स्तर जाना। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल पोर्टल पर शिकायत बंद करना काफी नहीं है, धरातल पर वास्तविक समाधान होना चाहिए।

*शिमला बाईपास पर गड्ढों पर नाराजगी*

मेहूंवाला क्षेत्र में शिमला बाईपास रोड पर जगह-जगह गड्ढे मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई और पीडब्ल्यूडी को तत्काल गड्ढे भरने के निर्देश दिए। उन्होंने शिमला बाईपास चौक से सेंट जूड्स स्कूल होते हुए कमला पैलेस तक मार्ग की खराब स्थिति की शिकायत (शिकायतकर्ता पूजा भटगाईं) का मौके पर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि रिस्टोरेशन कार्य अगले दिन से शुरू होगा।

*बिना अनुमति खुदाई पर नोटिस*

चकराता रोड पर बिना अनुमति दिन में सड़क खुदाई का मामला सामने आने पर डीएम ने संबंधित एडीबी अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

*जीएमएस रोड पर 4 करोड़ का काम*

जीएमएस रोड से आईटीबीपी सीमाद्वार मार्ग, होटल सन पार्क इन और राक वैली रेजीडेंसी के पास जलभराव स्थल का भी निरीक्षण किया। यहां टाइल और नाली सफाई का काम हुआ है। पीडब्ल्यूडी ने बताया कि जीएमएस रोड से सीमाद्वार तक सुधार के लिए लगभग 4 करोड़ की डीपीआर शासन को भेजी गई है।

*डीएम के सख्त निर्देश:*

15 अक्टूबर से पहले जिले की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए। बिना अनुमति सड़क खुदाई, सामग्री भंडारण या सड़क क्षतिग्रस्त करने पर कठोर कानूनी कार्रवाई होगी। सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का मौके पर जाकर सत्यापन जरूरी है।