राष्ट्रपति निकेतन, देहरादून में उत्साहपूर्वक मनाया गया विश्व पर्यटन दिवस

देहरादून, विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति निकेतन, देहरादून में पर्यटन, प्रकृति, विरासत एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों, प्रतिभागियों एवं पर्यटन से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

नेचर वॉक एवं टॉक का आयोजन

कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिभागियों के राष्ट्रपति निकेतन पहुंचने एवं पंजीकरण के साथ हुई। इसके पश्चात प्राकृतिक विशेषज्ञ (Naturalist)अजय शर्मा के मार्गदर्शन में नेचर वॉक एवं टॉक का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों को राष्ट्रपति निकेतन परिसर की प्राकृतिक विविधता, स्थानीय वनस्पतियों, जैव-विविधता एवं पर्यावरणीय महत्व के बारे में जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने राष्ट्रपति निकेतन के इतिहास, विरासत, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि तथा पर्यटन की दृष्टि से इसके महत्व पर जानकारीपरक संवाद किया।

आकर्षण का केंद्र रहा है फोटोग्राफी

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण प्रोफेशनल फोटोग्राफर भूमेश भारती द्वारा आयोजित फोटो प्रदर्शनी रही। प्रदर्शनी में प्रस्तुत छायाचित्रों के माध्यम से प्रकृति, पर्यटन एवं विरासत के विभिन्न रंगों को खूबसूरती से प्रदर्शित किया गया। इसके पश्चात स्वागत संबोधन हुआ तथा बालूनी पब्लिक स्कूल एवं PYDS के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और जीवंतता का वातावरण बनाया।कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का सम्मान एवं धन्यवाद ज्ञापन किया गया। इसके बाद प्रतिभागियों ने राष्ट्रपति निकेतन परिसर का भ्रमण किया और जलपान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

 

आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान

विश्व पर्यटन दिवस के सफल आयोजन में राष्ट्रपति निकेतन की मैनेजर श्रीमती एकता उनियाल, स्कॉलर श्री सिद्धार्थ थपलियाल तथा श्री विजय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रपति निकेतन के समस्त स्टाफ का भी महत्वपूर्ण सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता रहा।