देहरादून, दिल्ली-दून हाईवे पर मोहंड के पास ओवरटेक के फेर में कार की सामने से आ रही बस से भिड़ंत हो गई। जिसमें दंपती और उनकी बेटी की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके दो बेटे घायल हो गए। दोनों बेटों में एक की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों को दून के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
दून के मेहूंवाला निवासी प्रवीण चौहान (47) पत्नी मंजू चौहान (45), बेटी शिल्पी चौहान (22) और बेटे दीक्षांत (20) और निशांत (17) कार से छुटमुलपुर किसी सगाई में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसके बाद उन्हें शिल्पी की शादी की खरीदारी करने सहारनपुर भी जाना था। सुबह 9 बजे परिवार कार से जैसे ही दून से मोहंड के पास पहुंचा, इसी दौरान किसी वाहन को ओवरटेक करने के फेर में उनकी कार सामने से आ रही बस से भिड़ गई। बताया जा रहा है कि बस दून में प्रधानमंत्री की जनसभा में आ रही थी। जिसमें भाजपा कार्यकर्ता सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। प्रवीण चौहान, मंजू और शिल्पी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो बेटे दीक्षांत और निशांत गंभीर रूप से घायल हो गए। सहारनपुर के एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। बस और उसके चालक को अरेस्ट कर लिया गया है।
एक घंटे जाम रहा हाईवे
हादसे के बाद दिल्ली-देहरादून हाईवे पर दोनों तरफ एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। करीब एक घंटे के बाद जाम खुल पाया।
परिजनों को ऐसे चला हादसे का पता
बताया जा रहा है कि प्रवीण चौहान की बेटी शिल्पी की 22 जनवरी को शादी होनी थी। घर पर पुताई का काम चल रहा है। पुताई वालों ने सुबह पेंट लाने के लिए प्रवीण चौहान को फोन किया, पता चला कि उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। इसके बाद पुताई वालों ने उनके परिजनों को इसकी सूचना दी।