केदारनाथ व यमुनोत्री रूट पर पानी को बोतल 80 रुपए में, होटलों में भी ओवर रेटिंग की शिकायत, जांच

डीएम ने एक जांच कमेटी बनाई, व्यापारियों ने आरोपों को बताया निराधार

देहरादून, एक बार फिर से 2013 की आपदा की याद ताजा हो गई। जब बिस्कुट, पानी के बोतल जैसे जरूरी सामग्रियों के दाम चार गुना तक पांच गए थे। इधर, इस बार भी कुछ ऐसी शिकायतें सामने आई हैं। 20 रुपये की पानी की बोतल 80 रुपये और खाने और होटल के कमरों के दाम चार गुणा तक वसूले जा रहे हैं। बकायदा, जिलाधिकारी मनुज गोयल ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

रूम का किराया भी दोगुना वसूलने के आरोप

भारी बारिश के अलर्ट के चलते विगत रविवार को चारधाम यात्रा रोक दी गई थी। इससे पहले यात्रा पड़ावों पर काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंच गए थे। केदारनाथ धाम की यात्रा तीन दिन तक रुकी रही। इस बीच, केदारनाथ धाम से लेकर रुद्रप्रयाग तक यात्रा पड़ावों पर खाना, आवास और परिवहन सुविधाओं की एवज में मनमाने दाम वसूले जाने की शिकायतें भी आने लगीं। सामान्य होटलों में कमरे 5 से 8 हजार रुपये में दिए गए। खाने के दाम भी दो गुणा वसूले गए। पानी की बोतल 50 से 80 रुपये में बेचे जाने की शिकायत भी मिली। कर्नाटक से यात्रा पर आए सुरेश शाहू ने बताया कि वह दो दिन केदारनाथ में रहे। उन्हें चार हजार रुपये प्रतिदिन के हिसाब से होटल का कमरा मिल पाया। पानी की बोतल अस्सी रुपये में खरीदी। गुप्तकाशी से सोनप्रयाग तक 40 किलोमीटर सफर के लिए उनसे टैक्सी किराया तीन सौ रुपये लिया गया। सामान्य तौर पर इस सफर के लिए 100 रुपये किराया लिया जाता है। रुद्रप्रयाग के डीएम मनुज गोयल ने स्वीकार किया कि ऐसी शिकायतें मिली हैं। इनकी जांच कराई जा रही है। टीम बनाई गई है।
व्यापार संघ केदारनाथ के अध्यक्ष महेश बगवाड़ी, केदार सभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला, केदारघाटी होटल एसोसिएशन के सचिव नितिन जमलोकी और तीर्थ पुरोहित संतोष त्रिवेदी ने अधिक दाम वसूले जाने के आरोप को गलत बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *