–रविवार को उत्तराखंड में कोरोना के आये 585 मामले, 9 मरीजों की हुई मौत
देहरादून, कोरोना की रफ्तार पर अब ब्रेक लगता दिख रहा है। अक्सर कोरोना की कहे जाने वाली तीसरी लहर में जिस तेजी से मामले बढ़े हैं, उसी तेजी से अब घट भी रहे हैैं। लेकिन मौत के मामले अब भी डरा रहे हैं। संडे को राज्य में कोरोना के 585 मामले आए, जबकि नौ मरीजों की मौत भी हुई है। राहत की बात ये है कि संक्रमितों की तुलना में करीब ढाई गुना अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में 1447 मरीजों ने कोरोना को मात दे दी है। कोरोना संक्रमण दर 3.36 प्रतिशत रही है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार निजी व सरकारी लैब से 17 हजार 415 सैंपल की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। इनमें 16 हजार 830 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। दून में सबसे ज्यादा 274 लोग संक्रमित मिले हैैं। हरिद्वार में 64, चमोली में 54, रुद्रप्रयाग में 38, पिथौरागढ़ में 33, नैनीताल में 28, उत्तरकाशी में 27, पौड़ी गढ़वाल में 21 और ऊधमसिंह नगर व टिहरी गढ़वाल में 16-16 मामले आए हैैं। इसके अलावा बागेश्वर में छह, अल्मोड़ा में पांच व चंपावत में भी तीन लोग संक्रमित मिले हैैं। इधर, राज्य से 15 हजार 58 सैैंपल जांच के लिए भेजे गए हैैं।
प्रदेश में अब तक कोरोना के चार लाख 29 हजार 539 मामले आए हैं। इनमें से तीन लाख 97 हजार 67 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 15712 है। देहरादून में सबसे अधिक 8071 सक्रिय मामले हैं। वहीं पौड़ी में 2192 व हरिद्वार में 1485 सक्रिय मरीज हैं। कोरोना संक्रमण से अब तक 7618 मरीजों की मौत हो चुकी है।