
देहरादून, दून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट से एक बार फिर हवाई सेवाओं में बढ़ोतरी होने लगी है। प्रयागराज के बाद इंडिगो एयरलाइंस की मंगलवार से जयपुर के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू हो गई है। कोरोना संक्रमण कम होने के बाद अब जौलीग्रांट एयरपोर्ट से विभिन्न राज्यों के लिए सीधी व कनेक्टिविटी वाली हवाई सेवाओं को शुरू किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार से गुलाबी नगरी जयपुर के लिए भी नई फ्लाइट शुरू हुई है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मंगलवार सुबह इंडिगो 20 यात्रियों को लेकर पहुंची। इसके बाद जौलीग्रांट एयरपोर्ट से इस फ्लाइट ने सुबह सवा 11 बजे 25 यात्रियों के साथ जयपुर के लिए उड़ान भरी। जौलीग्रांट एयरपोर्ट मैनेजर सुमित सक्सेना ने बताया कि 18 जुलाई को इंडिगो एयरलाइंस ने देहरादून से प्रयागराज के लिए फ्लाइट शुरू की है। इस फ्लाइट का समय दोपहर 1:05 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचने का है और यहां से दोपहर 1:30 बजे रवाना होने का है। उन्होंने बताया कि प्रयागराज और जयपुर के लिए इंडिगो की यह फ्लाइट प्रतिदिन संचालित होगी। जौलीग्रांट एयरपोर्ट निदेशक प्रभाकर मिश्रा बताया कि कोरोना के घटते मामलों के बाद अब धीरे धीरे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर हवाई सेवाओं में वृद्धि होने लगी है। उन्होंने बताया कि जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर नए टर्मिनल भवन का आधुनिकरण किया जा रहा है। अगले महीने तक इस नए टर्मिनल भवन के अंदर की सभी सुविधाओं का लाभ यात्रियोंं को मिलने लगेगा। उन्होंने कहा कि अगर एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा बेहतर होगी तो उत्तराखंड आने वाले यात्रियों की संख्या में इजाफा होगा और प्रदेश के तीर्थटन, पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर करीब 12 हवाई सेवाएं संचालित हो रही है। गया है कि इससे पहले कोरोनकाल में दून से करीब 23 से ज्यादा फ्लाइटों की आवाजाही हुआ करती थी, लेकिन corona में कमी आ गई। एक बार फिर से फ्लाइटों में बढ़ोतरी हो रही है।