देहरादून, अवैध संबंधों के चलते एक आरोपी ने वर्ष 2012 में अपने 4 अन्य साथियों के साथ मिलकर जालंधर निवासी 1 व्यक्ति की मसूरी रोड पुरकुल जाने वाले रास्ते पर हत्या कर दी थी. उसके बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया था. तब से लेकर अब तक आरोपी फरार चल रहा था. अब पुलिस ने आरोपी को करीब 12 साल बाद जालंधर से ही दबोचा है.

12 वर्ष से पुलिस की पकड़ से था बाहर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आपराधिक मामलों में वांछित व फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ के लिए एसएसपी की ओर से सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है. इसी क्रम में कई राज्यों तक पुलिस मूव कर रही है. इसको देखते हुए थाना राजपुर पुलस ने थाने में दर्ज केस के मुताबिक 12 वर्षों से फरार चल रहे अभियुक्त अजय निवासी गांव नगरा निकट रेलवे फाटक बिजलिपला, थाना बिलगा, जालंधर को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी के संभावित ठिकानों में कई बार दबिश दी गई. लेकिन, वह पुलिस की गिरफ्त से लगातार बाहर चल रहा था. अब पुलिस ने आरोपी को दबोचा है.
जमानत पर आने के बाद चल रहा था फरार
बताया गया है कि आरोपी के साथी कुलविंदर के जालंधर निवासी संजीव नाम के व्यक्ति की पत्नी के साथ अवैध संबंध थे. जिसके चलते अभियुक्त अपने 4 अन्य साथियों के साथ संजीव को लेकर देहरादून आया. राजपुर क्षेत्रान्तर्गत मसूरी रोड पर पुरकुल जाने वाले रास्ते में उसकी हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया. मृतक संजीव की इनोवा कार को लूट कर मौके से फरार हो गए. पुलिस द्वारा उक्त घटना में अभियुक्त अजय सहित उसके 4 अन्य साथियों कुलविंदर सिंह निवासी जालंधर, मनजीत सिंह निवासी जालंधर, पंकज शर्मा निवासी कांवली रोड देहरादून व राहुल कुमार निवासी जम्मू को वर्ष 2012 में गिरफ्तार कर जेल भेजा था. अभियुक्त अजय न्यायालय से जमानत प्राप्त करने के उपरांत कोर्ट में पेश न होकर लगातार फरार चल रहा था. आरोपी मूलरूप से गांव नागरा निकट रेलवे फाटक बिजलिपाला, थाना बिलगा, जालंधर, हाल निवासी – सुभाष नगर, थाना डिवीज़न न0 -8 जालंधर पंजाब का रहने वाला है.