गुंजी में दौड़ी हौसले की रफ्तार

–CM धामी ने किया आदि कैलाश परिक्रमा रन-2.0 में प्रतिभाग

*गुंजी (पिथौरागढ़)।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सीमांत गांव गुंजी में आयोजित आदि कैलाश परिक्रमा रन-2.0 में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने 70 किमी और 42 किमी दौड़ के विजेताओं को पुरस्कृत कर देशभर से आए धावकों का उत्साह बढ़ाया। गुंजी पहुंचने पर रं समुदाय ने पारंपरिक वेशभूषा में उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदि कैलाश परिक्रमा रन सिर्फ मैराथन नहीं, बल्कि साहस, संकल्प और इच्छाशक्ति की परीक्षा है। विषम मौसम और कम ऑक्सीजन वाले उच्च हिमालयी क्षेत्र में दौड़ना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए सेना, ITBP और SSB के जवानों को सम्मानित भी किया।

पहले संस्करण में 700 से ज्यादा धावकों ने लिया हिस्सा

सीएम ने बताया कि पिछले साल पहले संस्करण में 700 से ज्यादा धावकों ने हिस्सा लिया था, जिसके बाद क्षेत्र में इनर लाइन परमिट की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी हुई है। सरकार सीमांत क्षेत्रों को अंतिम नहीं, प्रथम गांव के रूप में विकसित कर रही है। ऐसे आयोजनों से होमस्टे, गाइड, परिवहन और होटल व्यवसाय से जुड़े स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।

CM ने की घोषणा 

*बड़ी घोषणा -* मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले साल मई के प्रथम सप्ताह में माणा पास (5600 मीटर ऊंचाई) से औली तक 100 माइल्स हिमालयन एंड्योरेंस अल्ट्रा रन आयोजित की जाएगी, जो बदरीनाथ और जोशीमठ होते हुए औली पहुंचेगी। कहा, सरकार उत्तराखंड को साहसिक पर्यटन का हब बना रही है। नीति घाटी में अल्ट्रा रन के बाद अब औली, मुनस्यारी, ऋषिकेश और टिहरी में ट्रेकिंग, राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।