– तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग पर कार्यशाला, नियमों के पालन पर दिया जोर*

मसूरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में शुक्रवार को नगर पालिका परिषद मसूरी में तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग (TVL) और तंबाकू नियंत्रण को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय देहरादून और बालाजी सेवा संस्थान के सहयोग से किया गया। इसमें संबंधित विभागों, स्थानीय व्यापारियों और हितधारकों ने भाग लिया।

उत्पादों की बिक्री को नियमन के दायरे में लाने उद्देश्य
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य तंबाकू विक्रेताओं की लाइसेंस व्यवस्था और तंबाकू नियंत्रण कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जागरूकता फैलाना रहा। इस दौरान तंबाकू उत्पादों की बिक्री को नियमन के दायरे में लाने, नियमों के अनुपालन और इसमें स्थानीय निकाय व स्वास्थ्य विभाग की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई।अधिकारियों ने कहा कि तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग के जरिए बिक्री को विनियमित कर सार्वजनिक स्वास्थ्य को मजबूत किया जा सकता है। पर्यटन नगरी मसूरी में इस पहल से तंबाकू नियंत्रण के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी। कार्यशाला में अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन, जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की अर्चना उनियाल, बालाजी सेवा संस्थान से अवधेश कुमार, ममता थापा सहित कई विभागों के प्रतिनिधि और तंबाकू विक्रेता मौजूद रहे।
