आज गड्डामुक्त हो जाएंगी सड़कें, आयुक्त ने दी है एक दिन की वार्निंग

–तय समय में सड़कें गड्ढामुक्त न होने पर गढ़वाल आयुक्त सख्त, निर्माणदायी संस्थाओं को एक दिन का अल्टीमेटम

-95 प्रतिशत कार्य पूरा, शेष सड़कों को 16 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने के निर्देश; लापरवाही पर दी कड़ी चेतावनी

देहरादून,गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने निर्धारित समयसीमा तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का कार्य शत-प्रतिशत पूरा न होने पर कड़ी नाराजगी जताई है। गुरुवार को कैंप कार्यालय में सड़क निर्माणदायी संस्थाओं के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए शेष कार्य 16 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों को गड्ढामुक्त करने के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

95 प्रतिशत कार्य पूरा होने का दावा 

बैठक में सड़क निर्माणदायी संस्थाओं ने अवगत कराया कि विगत दिनों हुई भारी बारिश के कारण सड़कों की मरम्मत एवं डामरीकरण के लिए आवश्यक तापमान अनुकूल नहीं मिल पाने से कार्य प्रभावित हुआ। इसके बावजूद जनपद में सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष सड़कों पर मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है, जिसे 16 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गढ़वाल आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सड़कों की मरम्मत एवं गड्ढामुक्ति के कार्यों में तेजी लाई जाए। सभी निर्माणदायी संस्थाएं अपने अधीनस्थ सड़कों की स्थिति की स्वयं निगरानी करें तथा कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण करना सुनिश्चित करें।