उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, CEO ने जिलाधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

–मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं से लेकर कार्मिकों और वाहनों की तैनाती तक तैयारियों की समीक्षा

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने गुरुवार को प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग की निर्धारित गाइडलाइन और इलेक्शन प्लानर के मुताबिक सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता के निर्देश दिए

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने खास तौर पर मतदान केंद्रों की भौतिक स्थिति पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां बिजली, पेयजल, भवन की स्थिति और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण और स्वीप प्लान पर भी फोकस

डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरा किया जाए। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों और स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिलों में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए SVEEP प्लान तैयार करने को कहा गया। बूथ और विधानसभा स्तर पर चुनाव ड्यूटी में लगाए जाने वाले कार्मिकों का पूरा विवरण तैयार करने के साथ ही आवश्यक वाहनों की उपलब्धता और उनकी सूची भी समय से तैयार करने के निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ अधिकारी कर सकते हैं उत्तराखंड का दौरा

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिलाधिकारियों को बताया कि आगामी माह में निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों का उत्तराखंड दौरा संभावित है। इस दौरान जिलों में चल रही चुनावी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जा सकती है। ऐसे में उन्होंने सभी अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति जानी

बैठक के दौरान प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की भी समीक्षा की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास समेत प्रदेश के सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।