राजधानी की इस कॉलोनी में जाने से पहले नियमों को लान लें

बद्रीश कालोनी कल्याण समिति की बैठक में बने हैं नए नियम

-एंट्री के लिए शुल्क किया गया है तय, उल्लंघन पर जुर्माने भी भुगतना पड़ेगा

देहरादून, राजधानी की एक ऐसी कॉलोनी है, जहां किसी भी व्यापार करने वाले ठेली, रेहड़ी या कबाड़ के कारोबारी को पहले कॉलोनी की ओर से बनाए गए नियमों का पालन करना होगा. जी हां, कॉलोनी की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं. साफ कहा गया है कि कॉलोनीवासियों ने सुरक्षा की दृष्टिकोण से ये नियम बनाए हैं.

लगातार मिल रही थी शिकायतें

स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले कई दिनों से शिकायतें सामने आ रही थी कि कॉलोनी में चोरी की वारदातें हो रही हैं. इसको देखते हुए श्री बद्रीश कॉलोनी कल्याण समिति की मासिक बैठक में कॉलोनी की सुरक्षा, अनुशासन और स्वच्छता पर कई फैसले लिए गए. अब साफ कहा गया है कि कोई भी विक्रेता अगर कॉलोनी में प्रवेश करता है तो उसके लिए समय निर्धारित किया गया है. यानि ये समय सुबह 7 बजे से रात्रि 8 बजे तक ही होगा. इसके साथ ही हर विक्रेता को हर महीने 100 की राशि समिति के कोषाध्यक्ष के पास जमा करनी होगी.

ये नियम बनाए गए हैं

-कॉलोनी में बिना हेलमेट व ट्रिपल राइडिंग पर पूरी तरह रोक रहेगी.

-भारी वाहनों को रात 9 से सुबह 5 बजे तक ही अनुमति होगी.

-ऐसा न करने वालों को 500 से 1000 तक का जुर्माना देना पड़ेगा.

-कुत्तों से घर के बाहर शौच कराने पर भी 5 हजार तक का जुर्माने का प्रावधान किया गया है.

-चेतावनी दी गई है कि समिति द्वारा लिए गए निर्णयों का उल्लंघन करने ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत की जाएगी.