–नरेंद्रनगर (टिहरी) स्थित राजदरबार में हुई कपाट खुलने की तिथि घोषित

देहरादून, विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट रविवार 12 मई कोे प्रात: 6 बजे खुलेंगे. आज बसंत पंचमी को राजदरबार नरेंद्र नगर में आयोजित धार्मिक समारोह में पूजा-अर्चना तथा पंचांग गणना के पश्चात विधि-विधान से यात्रा वर्ष 2024 के लिए कपाट खुलने की तिथि की घोषणा की गयी. जबकि, तेल-कलश यात्रा की भी तिथि 25 अप्रैल को तय हुई. इस दौरान राजमहल में कई विशिष्टजन एव बड़ी संखा में श्रद्धालुगण मौजूद रहे. टिहरी राजदरबार नरेंद्रनगर में आज प्रातः से कपाट खुलने की तिथि घोषित करने के लिए कार्यक्रम शुरू हआ महाराजा मनुजयेंद्र शाह, सांसद रानी माला राज्यलक्ष्मी शाह सहित श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर(बीकेटीसी) अध्यक्ष अजेंद्र अजय, राजकुमारी शिरजा शाह की उपथिति में पंचांग गणना पश्चात राजपुरोहित आचार्य कृष्ण प्रसाद उनियाल ने तिथि तय कर महाराजा के सम्मुख रखी तत्पश्चात महाराजा मनुजयेंद्र शाह ने कपाट खुलने की तिथि की विधिवत घोषणा की. इस दौरान राजमहल परिसर जय बदरी विशाल के उद्घोष से गूंज उठा.