देहरादून, समूह ‘ग’ के तहत 13 विभागों में खाली 854 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आगामी चार और पांच दिसंबर को होगी। परीक्षा तीन पालियों में होगी। परीक्षा में शामिल होने के लिए 216519 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
गुरुवार को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने परीक्षा की तिथि व अभ्यर्थियों की संख्या का विवरण जारी किया। आयोग के सचिव संतोष बडोनी ने बताया कि अभ्यर्थियों की संख्या की दृष्टि से यह राज्य की अब तक की सबसे बड़ी प्रतियोगी परीक्षा होगी। इसके लिए विज्ञप्ति आठ नवंबर 2020 को जारी की गई थी। लेकिन, इस वर्ष अप्रैल-मई में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के कारण परीक्षा आयोजित करने में करीब एक वर्ष का विलंब हो गया। परीक्षा के लिए केंद्रों के चयन की प्रक्रिया अभी गतिमान है। आयोग जल्द ही वेबसाइट पर परीक्षा केंद्रों की सूची और अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र अपलोड करेगा।
इन पदों पर होनी है भर्ती
ग्राम विकास अधिकारी, 381
ग्राम पंचायत अधिकारी, 292
सहायक प्रबंध उद्योग, 70
सहायक समाज कल्याण अधिकारी, 35
सुपरवाइजर (महिला सशक्तीकरण व बाल विकास विभाग), 34
मैट्रनकेयर सह हास्टल इंचार्ज, 16
डाटा आपरेटर (सूचना व जनसंपर्क विभाग), नौ
सहायक स्वागती (पर्यटन विकास परिषद), छह
सहायक चकबंदी अधिकारी, 4
छात्रावास अधीक्षक, तीन
सहायक समीक्षा अधिकारी (अधीनस्थ सेवा चयन आयोग), 2
सहायक समीक्षा अधिकारी (राज्य निर्वाचन आयोग), 1
संवीक्षक (सूचना व लोक संपर्क विभाग), 1