देहरादून, ईडी की कार्रवाई के खिलाफ दिल्ली में हुए सत्याग्रह मार्च में शामिल उत्तराखंड के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल, श्रीनिवास अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ गिरफ्तारी दी। यशपाल आर्य ने कहा कि बिना किसी FIR के राहुल गांधी से ED द्वारा 5 दिनों से पूछताछ की जा रही है। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी ईडी द्वारा बुलाये जाने पर कांग्रेस केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस लगातार संघर्ष करेगी।
पूछताछ के लिए बुलाने पर माहौल गरमाया
इधर, 23 जून को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी ईडी की पूछताछ के लिए बुलाने पर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। उत्तराखंड से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण मेहरा समेत कई विधायक दिल्ली कूच कर गए हैं। नेता विपक्ष यशपाल आर्य ने दिल्ली में भी गिरफ्तारी दी। कहा, ईडी द्वारा केंद्र सरकार के इशारे पर राजनीतिक द्वेष की भावना से ग्रसित होकर बार बार राहुल गांधी को जांच के नाम पर उत्पीड़ित किया जा रहा है, इसी के तहत 23 जून को राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय सोनिया गांधी को भी ईडी द्वारा पूछताछ के नाम पर बुलाया गया है। दूसरी ओर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जांच प्रकरण के तहत कांग्रेस पार्टी को बदनाम करने व विपक्ष की आवाज को दबाने का घिनौना प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व उपाध्यक्ष संगठन मथुरादत्त जोशी ने कहा कि देश में चल रहे सेना में भर्ती की अग्निपथ योजना व ईडी की कार्यवाही के विरोध में विभिन्न राज्यों से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश अध्यक्षों व विधायकों को दिल्ली बुलाया गया है। दिल्ली की बैठक में आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। बीजेपी के इन नीतियों के खिलाफ कांग्रेस जमकर जवाब देगी।