
पुलिस का नया फरमान::::ओवेरलोड या बिना फ़िट्नेस वाला वाहन रोड पर बंद हुआ, जाम लगा, तो होगा केस दर्ज
देहरादून, जनपद क्षेत्रांतर्गत ओवरलोड में वाहन चलाकर यातायात में अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध यातायात पुलिस अभियोग पंजीकृत कर कड़ी कार्रवाई के लिए हो चुकी है तैयार. सोमवार को *वाहन संख्या UP15CT-3820* जो कि डोईवाला की तरफ से देहरादून शहर की ओर आ रहा था. जिसका की मोहकमपुर फ्लाईओवर के बीचो – बीच एक्सेल टूट जाने के कारण वाहन फ्लाईओवर पर ही खड़ा हो गया । उक्त वाहन में ओवरलोड ईंटें भरी हुई थी और कई घंटों तक उक्त वाहन खराब स्थिति में खड़ा रहा, जिससे कि राष्ट्रीय राजमार्ग अनावश्यक अवरुद्ध रहा तथा अन्य राहगीरों और वाहन चालकों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा.चूंकि, उक्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर VVIP, VIP का आवागमन बना रहता है. इसके अलावा हाईवे देहरादून – हरिद्वार पर AIIMS / हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट आने – जाने वालों का मुख्य मार्ग है । देहरादून शहर की हरिद्वार / अन्य क्षेत्रों से सम्पर्क का मार्ग है.

पुलिस ने किया लगातार संपर्क
उक्त वाहन के चालक सतीश से नेहरू कॉलोनी पुलिस द्वारा संपर्क करने पर यथाशीघ्र वाहन को फ्लाईओवर से हटाए जाने हेतु कहा गया, लेकिन उक्त वाहन चालक द्वारा राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था बाधित होने के प्रकरण को गंभीरता से नहीं लिया गया। उक्त वाहन चालक / स्वामी के द्वारा सार्वजनिक मार्ग को बाधित कर लोक मार्ग पर आदेशों का उल्लंघन कर अन्य लोगो को संकट में डालकर बाधा उत्पन्न की गई ।
SP के निर्देश पर केस
पुलिस के अनुसार इस वाहन द्वारा बिना फिटनेस वाहन चलाने तथा ओवरलोड एवं मार्ग को अवरुद्ध करने के संबंध में SP ट्रैफिक अक्षय कोंडे के निर्देशन में उक्त वाहन चालक / स्वामी पर आवश्यक कार्यवाही किए जाने हेतु प्रभारी निरीक्षक नेहरू कॉलोनी को निर्देशित किया गया, जिसमें उनके द्वारा उक्त वाहन के चालक / स्वामी के विरुद्ध IPC की धारा 268, 283 के अंतर्गत केस पंजीकृत किया गया ।
फिट रखकर प्रवेश करना होगा राजधानी में
यह कार्यवाही यातायात पुलिस द्वारा पहली बार की जा रही है यह मात्र एक वाहन पर कार्यवाही कर नहीं रुकेगी. यदि भविष्य में किसी भी वाहन चालक / स्वामी द्वारा इस प्रकार अपने वाहनों को बिना फिटनेस तथा ओवरलोड एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर वाहन संचालित किया जाता है. अनावश्यक मार्ग को अवरुद्ध किया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध भी इसी प्रकार से केस दर्ज होगा. इसलिए यदि राजधानी में चलना हो तो अपने वाहनों के सभी दस्तावेज अपडेट रखे तथा वाहन की फिटनेस कराते रहें एवम् ओवर लोड में वाहन संचालित न करें ।
