अकेले करीब 1.15 करोड़ की नकदी हो चुकी है बरामद
देहरादून, मतदान को अब एक सप्ताह ही शेष है। ऐसे में चुनाव में धनबल के प्रयोग, शराब व अन्य मादक पदार्थों की आपूर्ति की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में अनैतिक गतिविधियों की रोकथाम को निगरानी टीमों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। निर्वाचन आयोग ने सभी निगरानी टीमों को निर्देश दिया है कि वह दिन-रात अलर्ट मोड में रहें।
रविवार को बल्लूपुर चौक के पास से बरामद की रकम
जिला निर्वाचन अधिकारी डा. आर राजेश कुमार ने बताया कि विभिन्न निगरानी टीम अब तक 99 लाख रुपये से अधिक की नकदी जब्त कर चुकी हैैं। इसी तरह 23 लाख रुपये से अधिक की शराब पकड़ी जा चुकी है। कहा, मतदान की तिथि नजदीक है और यह समय बेहद चुनौतीपूर्ण है। सभी निगरानी टीमों पर यह दारोमदार है कि वह किसी भी विधानसभा क्षेत्र में धनबल के प्रयोग और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाएं। किसी भी सूचना का त्वरित संज्ञान लिया जाए और मौके पर जाकर जांच अïवश्य की जाए। यदि निगरानी टीमें अधिक सतर्कता के साथ काम करेंगी तो चुनाव को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जा सकता है। इधर, रविवार को फ़्लाइंग स्क्वाड और पुलिस टीम ने बल्लूपुर चौक से करीब 16 लाख से ज्यादा की नकदी बरामद की है। चालक मुजफ्फरनगर के रहने वाला है। पूछताछ में वह न कोई दस्तावेज दे पाया और न ही कोई स्पष्ट जानकरी। फिलहाल ये राशि कोषागार में जमा कर दी गयी है।