– पांच फरवरी को वसंत पंचमी के दिन नरेंद्रनगर राजमहल में निकाली जाएगी तिथि
– केदारनाथ के कपाट खुलने की तिथि ओंकारेश्वर मंदिर में शिवरात्रि को होगी तय
देहरादून, विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि वसंत पंचमी पर्व पर 5 फरवरी को नरेंद्रनगर राजमहल में निकाली जाएगी। इसी दिन गाडू घड़ा (तेल कलश) यात्रा का दिन भी निश्चित किया जाएगा।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि वसंत पंचमी पर्व पर नरेंद्रनगर राजमहल में सुबह 10 बजे कपाट खुलने के लिए पूजा आयोजित होगी। इसमें महाराजा मनुजयेंद्र शाह, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह समेत बदरीनाथ धाम के रावल ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी, मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय भट्ट, उपाध्यक्ष किशोर पंवार, सीईओ बीडी सिंह, धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल व पं कृष्ण प्रसाद उनियाल समेत डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
इस दौरान तेल कलश राजमहल को सौंपा जाएगा। इसी कलश में तिलों का तेल कपाट खुलने से पूर्व बदरीनाथ धाम पहुुंचाया जाता है। जिस तेल से भगवान का अभिषेक होता है। बताया कि केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि शिवरात्रि पर्व पर 1 मार्च को पंच केदार गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में तय होगी। जबकि, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट परंपरा के अनुसार अक्षय तृतीया पर्व पर तीन मई को खोले जाएंगे।