देहरादून, अपनी डिमांड्स को लेकर कई जंगठनों ने विधानसभा कूच किया। बल्कि पुलिस रिस्पना पुल से पहले बैरिकेडिंग पर प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। कुछ संगठनों के प्रदर्शनकारियों ने रिस्पना पुल के पास धरना दे दिया। बाद में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया, शाम को निजी मुचलके पर छोड़ दिया। इसके अलावा, कुछ संगठनों ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा।
राज्य आंदोलनकारियों की पुलिस से नोक झोंक
सशक्त भू-कानून और 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का शासनादेश जारी करने की मांग को लेकर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के बैनर तले राजधानी देहरादून के अलावा ऋषिकेश, हरिद्वार से पहुंचे राज्य आंदोलनकारी नेहरू कालोनी स्थित शहीद रवींद्र रावत (पोलू स्मारक) पर एकत्रित हुए। यहां से विधानसभा कूच करने जा रहे राज्य आंदोलनकारियों को पुलिस ने बैरिकेडिंग पर रोक लिया। आगे बढऩे का प्रयास कर रहे आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच पहले नोकझोंक और इसके बाद धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने राज्य आंदोलनकारियों को गिरफ्तार कर शहीद रवींद्र रावत (पोलू स्मारक) पर छोड़ा। प्रदर्शन में मंच के प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी, जिलाध्यक्ष प्रदीप कुकरेती ने कहा कि पृथक राज्य आंदोलन का मकसद जल, जंगल, जमीन और रोजगार व संस्कृति के साथ पलायन बचाना था।
ठेकेदार महासंघ को भी पुलिस ने रोका
सिंचाईं, लोक निर्माण विभाग व कार्यदायी संस्थाओं में पंजीकृत ठेकेदारों ने रोजगार देने की मांग को लेकर विधानसभा कूच किया, पुलिस ने उन्हें नेहरू कालोनी स्थित फव्वारा चौक पर रोका। इसके बाद ठेकेदारों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय पोखरियाल ने कहा कि सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता की ओर से बड़ी बड़ी निविदाएं लगाई गईं, जिन्हें छोटी-छोटी लगाई जाए। इस मौके पर साहब सिंह राणा, खुशहाल सिंह राणा,महेश चौहान, विक्की पंवार, पूरण सिंह नेगी आदि मौजूद रहे। वर्ष 2020-21 में उत्तराखंड नर्सिंग भर्ती को नर्सिंग नियमावली 2019-20 के अनुसार लिखित परीक्षा के आधार पर करवाने की मांग को लेकर फव्वारा चौक पर एकत्रित अभ्यर्थियों ने विधानसभा कूच किया। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर एकता विहार स्थित धरनास्थल छोड़ा। अभ्यर्थियों ने कहा कि बीते वर्ष नर्सिंग अधिकारी के 2621 पद के लिए आवेदन मांगे गए थे, जिसमें तकरीबन 1200 अभ्यर्थियों ने परीक्षा शुल्क 800 रुपये जमा कर आवेदन किया था। जो नर्सिंग भर्ती संशोधित नियमावली 2019-20 के लिखित परीक्षा के आधार पूरा कराया जाना निर्धारित किया था। भर्ती परीक्षा की लिखित परीक्षा के लिए तीन बार प्रवेश पत्र भी जारी किए गए।
पीआरडी जवानों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पीआरडी जवानों को सालभर रोजगार देने, राज्य कर्मचारी का दर्जा दिलाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर एकता विहार से विधानसभा कूच कर रहे पीआरडी जवानों को पुलिस ने रिस्पना पुल से पहले बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इधर, लोक निर्माण विभाग में विभागीय संविदा पर कार्यरत कनिष्ठ अभियंताओं ने विधानसभा कूच के दौरान नियमितीकरण की मांग उठाई। धरना देने के बाद कनिष्ठ अभियंताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर एकता विहार ले जाकर निजी मुचलके पर छोड़ा।