
-सीएम धामी के आदेश के बाद भी प्लांट शिफ्ट न होने पर ग्रामीणों में नाराजगी
-डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में इलाकेवासियों ने दी प्लांट में तालाबंदी की चेतावनी
देहरादून, सेलाकुई शीशमबाड़ा स्थित नगर निगम के कूड़ा निस्तारण प्लांट को लेकर एक बार फिर विवाद बढ़ गया है. नाराज ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सीएम के आदेश के बाद भी जिला प्रशासन और नगर निगम प्लांट शिफ्ट करने के लिए कोई इनिसिएटिव नहीं ले रहे हैं. इलाकेवासियों ने मामले में दोबारा आंदोलन करने और प्लांट में स्थायी तौर पर तालाबंदी करने की भी चेतावनी दी है.
तीन स्थानों पर जगह चिन्हित
फ्राइडे को कलेक्ट्रेट में डीएम सोनिका की अध्यक्षता में शीशमबाड़ा प्लांट को लेकर स्थानीय विधायक सहदेव ङ्क्षसह पुंडीर, नगर आयुक्त मनुज गोयल व ग्रामीणों की उपस्थिति में बैठक हुई. नगर आयुक्त ने बताया कि प्लांट शिफ्ट करने को लेकर तीन जगह भूमि का चयन किया गया है. कहा, नगर निगम की योजना है कि पूरा कूड़ा एक स्थान पर ही न जाए. ऐसे में सेपरेट प्लांट स्थापित करने की तैयारी की जा रही. इनमें दो स्थानों पर शीघ्र ही प्लांट का कार्य जल्द शुरू हो जाएगा. इस दौरान डीएम ने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए. डीएम ने नगर आयुक्त व डीएफओ दून को मसूरी के कूड़ा निस्तारण प्लांट के लिए भूमि चयन और वन विभाग संबंधी प्रक्रिया जल्द पूरी करने के लिए कहा.
बड़े आंदोलन की चेतावनी
इस मौके पर सहसपुर विधायक सहदेव ङ्क्षसह पुंडीर ने शीशमबाड़ा क्षेत्र में क्षेत्रवासियों को प्लांट से हो रही समस्या के बारे में जानकारी दी. कहा, क्षेत्र में दुर्गंध के कारण सांस लेना मुश्किल हो चुका है. पछवादून संयुक्त संघर्ष समिति के सचिव राजेंद्र राज गंगसारी ने बताया कि समिति ने इस बात पर नाराजगी जताई कि प्लांट में इस समय अव्यवस्था चरम पर है, कूड़े के पहाड़ बन चुके हैं. चेतावनी दी कि ग्रामीणों को गुमराह किया गया तो वे आंदोलन के लिए मजबूर हो जाएंगे. इस दौरान डीएफओ दून नितीशमणी त्रिपाठी, एडीएम एफआर रामजीशरण शर्मा आदि मौजूद रहे.