देहरादून 17 जून : सोमवार को मसूरी विधायक गणेश जोशी ने मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण से उपाध्यक्ष डा0 आशीष कुमार श्रीवास्तव से उनके कार्यालय में मुलाकात कर मसूरी की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने को कहा।
विधायक जोशी ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा मसूरी के झूलाघर में निर्मित व्यवसायिक दुकानों को वर्तमान समय तक आंवटन नहीं होने से यह अनुपयोगी साबित हो रही है। पूर्ण रुप से निर्मित इन दुकानों को आवंटित किया जाना अति आवश्यक है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि प्राधिकरण द्वारा मसूरी में बनने वाले टाउन हॉल का निर्माण कार्य पिछले लम्बे समय से चल रहा है। टाउन हॉल के निर्माण कार्य को गति दिये जाने की नितान्त आवश्यकता है।
विधायक जोशी ने एमडीडीए उपाध्यक्ष से मसूरी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भवनों के निर्माण की बात भी कही। उन्होनें कहा कि मसूरी एकमात्र ऐसा शहर है, जहां अभी तक इस योजना के तहत भवनों का निर्माण नहीं कराया गया है। उन्होनें मांग की कि अतिशीघ्र प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भवन निर्माण किये जाए, ताकि आवासविहीन लोगों को इस योजना का लाभ प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर भाजपा के मण्डल महामंत्री दीपक पुण्डीर भी उपस्थित रहे।
