इस बार नहीं होगी बद्रिकेदर में चंदन की कमी

देहरादून। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में इस बार चंदन का संकट दूर हो गया है। प्रदेश सरकार के अनुरोध पर तमिलनाडू दो क्विंटल चंदन देने को तैयार हो गया है। इससे आने वाले दो सालों तक बदरी केदार थाम में चंदन की समस्या नहीं रहेगी। वर्ष 2010 से तमिलनाडू व कर्नाटक राज्य से पर्याप्त मात्रा में चंदन न मिलने के कारण बदरी केदार मंदिर समिति ने सरकार के समक्ष मामला उठाया था।
मंदिर समिति के अध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के मुलाकात कर चंदन की समस्या को उठाया। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने तमिलनाडू सरकार से चंदन उपलब्ध कराने के संबंध में बात की। इस पर तमिलनाडू मंदिर समिति को दो क्विंटल चंदन देने को तैयार हो गया है। समिति ने चंदन लाने के लिए एक कर्मचारी को भी तमिलनाडू भेज दिया है। वहीं, मंदिर समिति ने 80 किलो चंदन व्यवस्था अन्य दानी सज्जनों से की है। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के अलावा पंच केदार, पंच बदरी व अन्य अधीनस्थ मंदिरों में हर साल सवा क्विंटल चंदन चढ़ता है। मंदिर समिति के माध्यम से बदरी-केदार व अन्य मंदिरों में चंदन की व्यवस्था की जाती है। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में हर रोज सुबह के समय भगवान के स्नान के बाद चंदन का लेप लगता है। अगले दिन पुराने चंदन को उतार कर उसे श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में वितरित किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *