–दोपहर करीब सवा तीन बजे हुई घटना, इलाके में मचा हड़कंप, अभी बाकी आरोपियों की तलाश जारी

देहरादून, पटेलनगर इलाके में दोपहर करीब सवा तीन बजे अचानक छह राउंड गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई दी. ये फायरिंग छात्र गुटों में हुई. बताया जा रहा है कि ये छात्र पहले आपस में दोस्त थे. लेकिन, अचानक दोस्ती में दरार आने के बाद इसने हिंसक रूप ले लिया. इस घटना के बाद पुलिस ने अब तक एक आरोपी राेहित को गिरफ्तार किया है, जबकि सेंट ज्यूड्स इलाके में हुए फायरिंग के कारण एक युवक घायल हुआ, जो खतरे से बाहर है.

सेंट ज्यूड्स पर फायरिंग के दौरान लगी गोली
फायरिंग की घटना पहले पटेलनगर में हुई. उसके बाद दूसरी घटना सेंट ज्यूड्स इलाके में हुई. बताया जा रहा है कि हरियाणा नंबर की कार में गुरमीत सिंह समेत छह युवक एक प्राइवेट विवि के बाहर खड़े थे. तभी साहिल, सुजल, दक्ष, अंशुल, आदित्य और विशाल बाइक पर वहां पहुंचे. इसी दौरान उन्होंने कार सवार पर जैसे ही हमला करने की तैयारी की. उसी बीच कार में सवार एक युवा ने कार से छह राउंड फायर झोंक दिए. इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. उसके बाद कार सवार युवक व उसके साथी कार लेकर सेवलाकलां होते हुए सेंट ज्यूड्स की ओर निकल गए. लेकिन, बाइक सवार युवकों ने भी उनका पीछा किया और सेंट ज्यूड्स चौक पर दोनों पक्षों की फिर से भिडंत हो गई. वहां पर फिर से कार सवार युवक ने फायर झोंकी. जिससे एक युवक पर गोली जा लगी. जिसको पटेलनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने उसको खतरे से बाहर बताया है. इस मामले में एसपी सिटी प्रमोद कुमार का कहना है कि फिलहाल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी की तलाश जारी है. गिरफ्तार युवक दून के ही एक कालेज में होटल मैनेजमेंट का छात्र बताया गया है.