–लोक संस्कृति के रंग में रंगा गांधी चौक
मसूरी, पर्यटन नगरी मसूरी में ‘मसूरी शरदोत्सव-2026’ का रंगारंग आगाज हुआ। नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित 5 दिवसीय सांस्कृतिक व खेल मेला 06 से 10 अक्टूबर तक चलेगा। शुभारंभ अवसर पर गांधी चौक में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान एवं नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने ध्वजारोहण कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। रिमझिम बारिश, घने कोहरे और ठंडी हवाओं के बीच उद्घाटन समारोह में स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों ने भी शिरकत की।

पद्मश्री बसंती बिष्ट ने बांधा समां
उत्सव के पहले दिन नगर पालिका टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज पद्मश्री बसंती बिष्ट के पारंपरिक जागर गायन से हुआ। उन्होंने अपनी सुरीली आवाज से श्रोताओं को देव-संस्कृति से भावविभोर कर दिया।

पांडवाज बैंड’ की शानदार प्रस्तुति
इसके बाद ‘पांडवाज बैंड’ की शानदार प्रस्तुति हुई। बैंड ने पारंपरिक उत्तराखंडी और पाश्चात्य वाद्ययंत्रों की जुगलबंदी के साथ गढ़वाली गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। शरदोत्सव के अंतर्गत खेल प्रतियोगिताओं का भी शुभारंभ हुआ। पहले दिन एमपीजी कॉलेज में स्नूकर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, एसडीएम राहुल आनंद, पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और पर्यटक उपस्थित रहे।
