–100 नगर निकायों के लिए 23 जनवरी को होगा मतदान

देहरादून, आगामी 23 जनवरी को होने वाले नगर निकाय चुनाव को देखते हुए आज चुनाव प्रचार को शोर थम जाएगा. इस बावत राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने कहा कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी जिलों में तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। बताया, स्टेट में 100 नगर निकायों में चुनाव हो रहे हैंं। इनमें 11 नगर निगम, 43 नगर पालिका परिषद व 46 नगर पंचायतें शामिल हैं। 23 जनवरी को होने वाले मतदान में 30.29 लाख मतदाता शहरी सरकार का चुनाव करेंगे। मतदान से 48 घंटे पहले मंगलवार शाम पांच बजे शहरी क्षेत्रों में चुनाव प्रचार का शोर भी थम जाएगा।

दिव्यांगजनों को उपलब्ध कराएंगे वाहन
निकाय चुनाव में उन दिव्यांग मतदाताओं को आयोग वाहन उपलब्ध कराएगा, जो अधिक अक्षम होने के साथ ही उनके पास अपना वाहन नहीं है। नगर निकायों में दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 10894 है। राज्य निर्वाचन आयुक्त के अनुसार दिव्यांगजनों को मतदान के लिए मतदान केंद्र तक जाने को उनके वाहन की अनुमति दी जाएगी। यदि किसी दिव्यांग मतदाता के पास वाहन नहीं है और वह मतदान केंद्र तक जाने में असमर्थ है तो उसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे।