देहरादून। निकाय चुनाव को लेकर BJP आज शाम तक पार्टी के सभी अधिकृत प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर सकती है. इसको लेकर कई दौर की बैठक हो चुकी है. प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए बताया कि दो दिन की चर्चा के बाद अब तक पार्टी ने सभी निकाय सीटों के लिए नामों का पैनल तैयार कर लिया है। प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्ष के सभी नामों पर अंतिम निर्णय लेने के अतिरिक्त निगम महापौर के नामों को संस्तुति के लिए केंद्रीय नेतृत्व के पास जाना है। कहा, जल्द सभी नाम केंद्र से प्रदेश को पहुंच जाएंगे। इसके बाद निगमों के साथ पालिका अध्यक्षों एवं नगर पंचायत अध्यक्षों के सभी उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।

महिला प्रत्याक्षियों कि संख्या 33 % से भी ज्यादा नजर आएगी
जहां तक सवाल है प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पार्षदों, सभासदों और वार्ड मेंबर का तो उन पर भी लगभग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। लिहाजा उनके अधिकांश नामों की घोषणा भी आज हो जाएगी। महिलाओं को प्रतिनिधित्व के सवाल पर उन्होंने कहा कि मातृ शक्ति का आशीर्वाद हमेशा भारतीय जनता पार्टी को मिलता रहा है। हमारी केंद्र की मोदी और राज्य की धामी सरकार ने महिला हित में बेहतरकाम किए हैं। हमारा सौभाग्य है कि पार्टी में महिला आरक्षित सीटों से अलग भी कई सामान्य सीटों पर मातृ शक्ति के नाम पर विचार हो रहा है। लिहाजा जब प्रत्याशियों की अंतिम सूची सामने आएगी तो महिला उम्मीदवारों की संख्या, उनको दिए 33 फीसदी अधिकार से भी अधिक नजर आयेंगी।