–कई दिनों से दून पुलिस के पास पहुंच रही थी शिकायत
– एसएसपी दून के निर्देश पर की गई कार्रवाई, कई इलाकों में अभी भी वैसी स्थिति
देहरादून, दून में शाम ढलते ही सडक़ों के शराब पीने वालों के मयखाने सज जाना कोई नई बात नहीं है. ये नजारे या तो अक्सर शराब की दुकानों के बाहर नजर आते हैं या फिर सिटी के आउटर इलाकों में. बहरहाल, कई दिनों से पुलिस के पास इस बावत शिकायतें पहुंच रही थीं. आखिरकार पुलिस ने इस पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की.

एसएसपी दून ने दिए सख्त निर्देश
एसएसपी दून के निर्देश पर पुलिस ने सडक़ किनारे वाहनों में और खुलेआम शराब पीने के साथ ही हुड़दंग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया. ये कैंपेन राजपुर व रायपुर क्षेत्र के कई इलाकों में चलाया गया. जहां पुलिस को खुले में नशीले पदार्थों का सेवन करने वाले 21 लोगों के पुलिस एक्ट में चालान किए गए. बदले में उन्हें हिदायत भी दी गई. पुलिस ने पाया कि सडक़ किनारे खुले में या फिर गाड़ी में बैठकर ये लोग शराब पीने के साथ हुड़दंग मचाने का काम कर रहे थे. जबकि, इसको लेकर एसएसपी दून की ओर से पहले ही सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे.

इन इलाकों में की पुलिस ने कार्रवाई
पुलिस ने अपनी कार्रवाई के तहत थर्सडे रात को सार्वजनिक स्थानों पर अमर्यादित व्यवहार करने वाले लोगों के चेकिंग अभियान चलाया. इसके तहत राजपुर व रायपुर थाना क्षेत्र के मसूरी डाईवर्जन, ओल्ड मसूरी रोड, कुठाल गेट, आईटी पार्क, सहस्रधारा रोड, लाडपुर रोड, रिंग रोड जैसे क्षेत्रों में पुलिस टीम ने सडक़ किनारे खुले में या फिर वाहन लगाकर नशीले पदार्थ का सेवन करने वाले 21 लोगों का पुलिस एक्ट में चालान किया. इस दौरान इनसे 5500 रुपए का जुर्माना भी वसूलते हुए भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न करने की भी हिदायत दी.
