देहरादून, बागेश्वर पुलिस का नशे के खिलाफ एक्शन जारी है. नशा मुक्त देवभूमि मिशन के तहत थाना कपकोट, थाना झिरौली व थाना काण्डा पुलिस ने भांग की खेती को किया नष्ट.
ग्रामीणों व युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशा न करने के लिए भी प्रेरित किया. पुलिस के मुताबिक सीएम की ओर से दिए गए दिशा निर्देशों के क्रम में देवभूमि नशा मुक्ति अभियान वर्ष 2025 के तहत लगातार पुलिस नशा के खिलाफ काम कर रही है. इसी क्रम में बागेश्वर पुलिस भी जु़टी हुई है. बागेश्वर एसपी अक्षय प्रहलाद कोंडे के निर्देशानुसार व सीओ बागेश्वर अंकित कंडारी के पर्यवेक्षण में जनपद पुलिस द्वारा लगातार अवैध नशे/भांग के खिलाफ चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है.

इस प्रकार हुई भांग की खेती नष्ट
️-थानाध्यक्ष काण्डा खुशवन्त सिह के नेतृत्व में थाना काण्डा पुलिस टीम द्वारा ग्राम चतुरानी में लगभग 05 नाली, लमजिंगडा में लगभग 03 नाली , महरूडी में लगभग 02 नाली कुल 10 नाली भांग की खेती को पूर्ण रूप से नष्ट किया गया।
-थानाध्यक्ष कपकोट कैलाश सिंह बिष्ट के नेतृत्व में थाना कपकोट पुलिस द्वारा जिला स्तर पर भांग की खेती के विनिष्टीकरण हेतु गठित टीम को साथ लेकर चौकी सामा क्षेत्रांतर्गत ग्राम रातिरकेठी व तोक सतगढ़ मे लगभग 48 नाली भांग की खेती को अत्याधुनिक घास कटर मशीन एवं तलवार व दराती से काटकर पूर्ण रूप से नष्ट किया गया।
-थानाध्यक्ष झिरौली प्रताप सिंह नगरकोटी के नेतृत्व में थाना झिरौली पुलिस टीम द्वारा ग्राम जोशी गांव में लगभग 04 नाली भांग की खेती को पूर्ण रूप से नष्ट किया गया

नशे से दूर रहने की अपील की गई
बताया गया है कि जागरुकता के बाद उपरोक्त पुलिस टीमों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र के स्थानीय ग्रामीणों व युवाओं को भविष्य में भांग की खेती न करने व नशे से होने वाले दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशा न करने एवं नशा मुक्ति अभियान में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई. साथ ही स्थानीय लोगों को सम्पूर्ण भारत में लागू हुए नये कानूनों, साइबर हैल्पलाइन नंबर- 1930, डायल 112 आदि के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी देकर जागरुक किया गया.
