लीजिए, टनकपुर देहरादून साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन शुरू, अब नहीं होगी दिक्कत

CM धामी ने टनकपुर से दून के लिए पहली एक्सप्रेस ट्रेन संचालन के लिए प्रधानमंत्री व रेलमंत्री का जताया आभार

बोले -प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड में पहाड़ तक ट्रेन पहुंचाने का सपना हो रहा साकार

-पूर्णागिरी धाम का बनाया जा रहा है मास्टर प्लान

-आदर्श और विकसित चंपावत के लिए प्रतिबद्ध है हमारी सरकार-मुख्यमंत्री

-मुख्यमंत्री ने टनकपुर से खटीमा तक रेल में सफर भी किया

-प्रदेश सरकार रेल विभाग की मदद से उत्तराखंड में रेल सेवाओं के विकास व विस्तार व आधुनिकीकरण के लिए प्रयासरत है.

Dehradun, उद्घाटन मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर एक्सप्रेस के संचालन में टनकपुर से देहरादून तक अनेक महत्वपूर्ण शहरों को सीधे जोड़ा गया है, जिससे लोगों को सुविधा होगी। इस एक्सप्रेस के माध्यम से बनबसा, खटीमा, पीलीभीत, भोजीपुरा, बरेली सिटी, बरेली जंक्शन, चंदोसी, मुरादाबाद, नजीबाबाद, लक्सर, हरिद्वार रेलवे स्टेशन से जुड़े लोगों को यात्रा करने का आसानी से विकल्प भी मिलेगा और उनका समय भी बचेगा। इसके साथ ही यह ट्रेन सेवा इन शहरों से मां पूर्णागिरी के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यातायात का एक बेहतर विकल्प भी बनेगी। मुख्यमंत्री ने स्वयं भी ट्रेन से टनकपुर से खटीमा तक की यात्रा की तथा ट्रेन में यात्रियों से मुलाकात कर उनका फीडबैक लिया तथा सभी को शुभकामनाएं दी।

चंपावत व पिथौरागढ़ जिले के लोगों को मिलेगा लाभ 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल स्वर्णिम युग की ओर बढ़ रही हैं। पिछले 10 वर्षों में भारतीय रेलवे को नए भारत की आकांक्षाओं तथा आत्मनिर्भर भारत की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए तैयार किया जा रहा है । 2014 के बाद से भारतीय रेल एक नए रूप में हमारे सम्मुख है। आज जहां एक ओर ब्रॉड गेज रेल लाइनों से मानव रहित रेल क्रॉसिंग को ख़त्म करके भारतीय रेलवे को पहले से कहीं अधिक सुरक्षित बनाया गया है। वहीं दूसरी ओर आज भारतीय रेलवे की रफ्तार भी पहले से कहीं अधिक बढ़ चुकी है। आत्मनिर्भरता और आधुनिकता के प्रतीक चिन्ह के रूप में वंदे भारत जैसी मेड इन इंडिया ट्रेनें रेल नेटवर्क का हिस्सा बन रही हैं। इस मौके पर मंडलीय रेल प्रबंधक रेखा यादव ने कहा कि इस रेल सेवा का लाभ सीमांत के चंपावत व पिथौरागढ़ जिले के लोगों को मिलेगा और सस्ती शुलभ और आरामदायक रेल सेवा मिलेगी।