पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी, अब हवलदार पर केस दर्ज

देहरादून, पहली पत्नी के रहते हुए दूसरी शादी करने के आरोप में पटेलनगर पुलिस ने शिकायत पर आइटीबीपी के हवलदार के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार निरंजनपुर निवासी महिला के शिकायत के अनुसार आइटीबीपी में हवलदार के पद पर सेवारत मोहित कुमार निवासी कैनाल रोड, राजपुर के साथ उनकी शादी हुई थी। शादी के कुछ वर्ष बाद पता चला कि मोहित के किसी दूसरी महिला के साथ संबंध हैं। जिसकी शिकायत डीआइजी आइटीबीपी, सीमाद्वार के कार्यालय में की। डीआइजी ने मोहित कुमार को तलब किया और निर्देशित किया कि वह अपने परिवार के साथ रहे और परिवार का भरण पोषण करे। आरोप हैं कि पिछले साल बेटी की शादी में भी मोहित ने कोई खर्चा नहीं किया और केवल दो घंटे ही शादी में शामिल हुआ। महिला को अब पता चला है कि आरोपी ने दूसरी महिला के साथ शादी कर ली है। इसमें सास सोमवती और ससुर देशराज भी शामिल हैं। इंस्पेक्टर पटेलनगर कोतवाली रविंदर यादव के अनुसार महिला की तहरीर पर पति मोहित कुमार, सास सोमवती और ससुर देशराज के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *