देहरादून, उत्तराखंड शासन ने हरिद्वार जिले को छोड़ राज्य के 12 जिलापंचायत अध्यक्ष पदों के लिए अनन्तिम आरक्षण सूची जारी कर दी है। देहरादून जिलापंचायत अध्यक्ष पद अनुसूचित जनजाति की महिला के लिए आरक्षित की गई है। उत्तरकाशी, टिहरी, चमोली व अल्मोड़ा, जिलापंचायत अध्यक्ष की सीट अनारक्षित की गई है। पौड़ी जिलापंचायत अध्यक्ष की सीट अनुसूचित जाति की महिला, उधमसिंहनगर, नैनीताल, चंपावत व बागेश्वर जिलापंचायत अध्यक्ष सीट अन्य महिला के लिए आरक्षित की गई है। इसके अलावा पिथौरागढ़ जिलापंचायत अध्यक्ष सीट अन्य पिछड़ा वर्ग की महिला के लिए आरक्षित की गई है। सचिव (प्रभारी) डा. रंजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि उत्तराखण्ड राज्य के समस्त जनपदों (जनपद हरिद्वार को छोड़कर) में सामान्य निर्वाचन-2019 हेतु अध्यक्ष जिला पंचायत के स्थानों और पदों के लिये अनन्तिम आरक्षण का शासनादेश जारी हो गया है। उन्होंने बताया कि जिसे भी कोई आपत्ति हो वो सचिव पंचायतीराज के कार्यालय में अथवा संबंधित जिलाधिकारी को अपनी आपत्ति उपलब्ध करा सकते हैं। जिलाधिकारी प्राप्त आपत्ति शासन को प्रेषित करेंगे।