
देहरादून, बीते दिन गोवा के नाइट क्लब में लगी भयंकर आग में उत्तराखंड के भी 5 लोगों की भी मौत की सूचना है. बताया जा रहा है कि उत्तराखंड निवासी ये सभी युवा उस नाइट क्लब के कर्मचारी थे. नाइट क्लब में आग लगने से जान गंवाने वालों में उत्तराखंड के निवासी जितेंद्र सिंह, सुमित नेगी, मनीष सिंह, सतीश सिंह और सुरेंद्र सिंह शामिल बताए गए हैं. इसको लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रविवार की रात को गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से फोन पर बातचीत कर जानकारी ली. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गोवा सरकार से आग्रह किया कि अगर किसी भी प्रभावित व्यक्ति की पहचान उत्तराखंड निवासी के रूप में होती है, तो उनके परिजनों से तत्काल संपर्क स्थापित किया जाए और आवश्यक सहायता की जाए. वहीं, गोवा के मुख्यमंत्री ने सीएम धामी को विश्वास दिलाया कि सभी प्रभावितों को आवश्यक चिकित्सा व प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है.