
देहरादून, सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू की सफलता की पहली वर्षगांठ पर 28 नवंबर को उत्तराखंड में इतिहास की सबसे बड़ी मॉक ड्रिल होगी। आपदा प्रबंधन दिवस के मौके पर सभी 13 जिलों में राज्य से लेकर तहसील स्तर तक करीब 250 से 300 स्थानों पर एक साथ अभ्यास किया जाएगा।मंगलवार को राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में हुई ओरिएंटेशन एवं कोऑर्डिनेशन कॉन्फ्रेंस में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने तैयारियों की समीक्षा की।

25 नवंबर से शुरू होंगे कार्यक्रम
25 नवंबर को सभी जिलों में टेबल टॉप एक्सरसाइज होगी। इसमें सभी विभाग अपनी भूमिका, संसाधन और संचार व्यवस्था का अभ्यास करेंगे। 28 नवंबर को फील्ड में वास्तविक परिस्थितियों जैसी मॉक ड्रिल होगी।

क्या-क्या होगा मॉक ड्रिल में?
भूकंप, भूस्खलन, बादल फटना, अचानक बाढ़, हिमस्खलन, जंगल की आग, टनल दुर्घटना, सड़क हादसा, भवन ढहना, भगदड़, आगजनी, रासायनिक दुर्घटना, डैम से अचानक पानी छूटना, हेली इमरजेंसी लैंडिंग जैसी 20 से अधिक आपदाओं के परिदृश्य पर अभ्यास होगा।राहत शिविर भी परखे जाएंगे. मॉक ड्रिल में राहत शिविरों में बिजली, पानी, भोजन, दवा, शिशु आहार और गर्भवती महिलाओं की व्यवस्था को लाइव परखा जाएगा। महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस-होमगार्ड तैनात रहेंगे।
स्कूल, कॉलेज और गांव भी जुड़ेंगे
25 से 27 नवंबर तक 100 से ज्यादा बच्चों वाले स्कूलों में मॉक ड्रिल होगी। 28 नवंबर को निबंध, पोस्टर, स्लोगन, चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं होंगी। विकासखंड स्तर पर BDC बैठक, जागरूकता रैली और नुक्कड़ नाटक होंगे। सरकारी कार्यालयों में भी आपदा सुरक्षा ऑडिट होगा।SDRF, NDRF, पुलिस, फायर, स्वास्थ्य, ITBP, NCC, NSS, आपदा मित्र और स्थानीय समुदाय इसमें हिस्सा लेंगे। सचिव सुमन ने कहा – सिल्क्यारा ने दिखाया कि मजबूत समन्वय से हर जान बचाई जा सकती है। जनता से अपील है, मॉक ड्रिल को असली आपदा की तरह गंभीरता से लें और सहयोग करें।