मुख्यमंत्री ने छात्रसंघ चुनाव में जीत पर दी बधाई, युवाओं को फ्यूचर रेडी बनने का आह्वान किया

देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने भेंट की।मुख्यमंत्री ने हाल ही में संपन्न छात्रसंघ चुनाव में विजयी हुए सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में मिला दायित्व व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता निखारने का महत्वपूर्ण अवसर है।

छात्र-छात्राओं से निरंतर संवाद बनाए रखा जाय 

मुख्यमंत्री ने कहा कि ABVP लंबे समय से छात्रहितों के साथ-साथ राष्ट्रहित, सामाजिक सरोकारों और युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण के लिए कार्य कर रही है। संगठन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता, अनुशासन और समर्पण से सुनिश्चित होती है। पदाधिकारियों को छात्र-छात्राओं से निरंतर संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं को समझते हुए सकारात्मक भूमिका निभाने को कहा।

फ्यूचर रेडी’ बनने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने युवाओं से ‘फ्यूचर रेडी’ बनने का आह्वान करते हुए कहा कि तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल माध्यमों और रोजगार के नए अवसरों के बीच स्वयं को अपडेट रखना जरूरी है। युवा केवल अपने विषय तक सीमित न रहें, बल्कि देश-दुनिया के बदलावों की जानकारी रखें।उन्होंने कहा कि छात्र जीवन केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि नेतृत्व, संवाद, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी सीखने का समय भी है। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा ही राज्य और देश के विकास की शक्ति है।