हरिद्वार को मिली 3 नई रेल सेवाओं की सौगात, CM धामी ने PM मोदी और रेल मंत्री का जताया आभार

देहरादून,  उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने हरिद्वार को बड़ी सौगात दी है। रेलवे मंत्रालय ने तीन महत्वपूर्ण रेल सेवाओं को मंजूरी दी है।

इनमें *बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार* और *हरिद्वार से वेरावल तथा ओखा के लिए दो नई एसी एक्सप्रेस* ट्रेनों का संचालन शामिल है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र के माध्यम से इस फैसले की जानकारी दी। मुख्यमंत्री धामी ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से उत्तराखंड की धार्मिक, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। नई ट्रेनों से हरिद्वार आने वाले तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को सुविधा मिलेगी, खासकर आगामी कुंभ के दौरान।