छात्राओं से छेड़छाड़ करता था शिक्षक, आरोपी शिक्षक निलंबित

स्कूल प्रबंधन पर आरोपी शिक्षक का बचाव करने के आरोप, राज्य महिला आयोग ने दिए हैं जांच के निर्देश 

देहरादून, सहसपुर क्षेत्र के एक सहायता प्राप्त इंटर कालेज में नाबालिग छात्राओं से शिक्षक द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का मामला प्रकाश में आया है. हालांकि, आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया है. लेकिन, इस मामले में उत्तराखंड महिला आयोग ने गंभीरता दिखाई है. बाकायदा, आयोग की चेयरमैन कुसुम कंडवाल ने पुलिस-प्रशासन व शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.

9वीं व 10वीं के छात्राओं ने की है शिकायत 

बताया जा रहा है कि इंटर कालेज में कक्षा नौवीं और दसवीं की छात्राओं की ओर से शिक्षक पर छेड़छाड़ करने के साथ अनुचित व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए गए थे. जिसकी कंप्लेन उत्तराखंड बाल संरक्षण आयोग तक पहुंची. छात्राओं की शिकायत थी कि शिक्षक लंबे समय से गलत नीयत से छूने, अभद्र हरकत के अलावा इसका विरोध करने पर परीक्षा में फेल कर देने की धमकी तक देता था. जब स्कूल प्रबंधन से शिकायत की गई, आरोप हैं कि उनकी ओर से भी आरोपी शिक्षक पर कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई. इसके बाद जब बाल आयोग की जांच के लिए पहुंचा, बताया जा रहा है कि स्कूल प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक को निलंबित कर आरोपी शिक्षक को दूससे स्कूल से संबद्ध कर दिया. इधर, जब मामला महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल तक पहुंचा, उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को प्रकरण की गहन जांच करने के लिए कहा है.

बाल संरक्षण आयोग ने दिए जांच के निर्देश 

वहीं, उत्तराखंड बाल संरक्षण आयोग के बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष नमिता ममगाई के नेतृत्व टीम सोमवार को सहसपुर क्षेत्र स्थित इंटर कालेज में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ मामले की जांच करने पहुंची. टीम ने प्रधानाचार्य से पूछताछ कर मामले से संबंधित कार्रवाई की रिपोर्ट तलब की है. टीम ने सहसपुर कोतवाली के प्रभारी इंसपेक्टर को मामले में जांच कर कार्रवाई के लिए कहा है. बदले में प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस संबंध में कोई लिखित तहरीर नहीं आई है.