पहाड़ों की रानी मसूरी में बग्वाली पर्व कैसे मनाई जाती है, जानिए…इस खास पर्व की खासियत

देहरादून, पहाड़ों की रानी मसूरी में बग्वाली पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर डिबसा पूजन के साथ होलियात खेली गयी और अखरोट की भिरूड़ी वितरण के बाद महिलाओं और पुरूषों के बीच भाण्ड/रस्साकसी का मुकाबला हुआ। इस अवसर पर पारंपरिक तांदी, रासौ, जंगूबाजी और सराईं नृत्यों का शानदार प्रस्तुतियां दी गयी। स्थानीय लोगाें के साथ में पर्यटकों ने भी नृत्य में भाग लेकर खूब मनोरंजन किया।

बूढ़ी दीपावली सेलिब्रेशन की शुरुआत डिबसा पूजन के साथ हुआ

मसूरी के अगलाड़ यमुना घाटी विकास मंच के तत्वाधान मसूरी कैम्पटी रोड़ पर स्थित पुराने चकराता टोल पर मंच के निर्माणाधीन भवन के समक्ष आयोजित बूढी दीपावली सेलिब्रेशन में, जौनपुर, जौनसार और रवाईं घाटी के मसूरी में निवासरत लोगों के साथ में मसूरी के स्थानीय निवासियों तथा पर्यटकों ने भी प्रतिभाग किया। बूढ़ी दीपावली सेलिब्रेशन का आरंभ डिबसा पूजन के साथ हुआ। पंडित सुमन नौटियाल ने डिबसा पूजन संपन्न करवाया। इसके बाद होलियात खेली गयी और आकर्षक तांदी, और रासौ नृत्य कर रहे महिला और पुरूषों के ऊपर से अखरोड़ की भिरूड़ी फेंकी गयी जिसको लोगाें ने बग्वाल के प्रसाद के रूप में ग्रहण किया। महिलाओं और पुरूषों के बीच हुए रस्साकसी मुकाबले में महिलाएं जीती।

पालिकाध्यक्ष बोली-मुझे अपनी संस्कृति पर है गर्व 

बग्वाल सेलिब्रेशन समारोह में मुख्य अतिथि नगर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा नेत्री नेहा जोशी, पालिका सभाषद गौरी थपलियाल, शिवानी भारती, विशाल खरोला, रूचिता गुप्ता, पवन थलवाल, सचिन गुहेर, रणवीर सिंह कण्डारी, भाजपा मण्डलाध्यक्ष रजत अग्रवाल, पूर्व मण्डलाध्यक्ष मोहन पेटवाल, सतीश ढौंढियाल, नगर निगम देहरादून के पार्षद सोमेंद्र बोहरा, मसूरी के पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, प्रताप पंवार, दर्शन रावत, मनोज गर्ग सहित आयोजक संस्था के उपाध्यक्ष केडी नौटियाल, बलबीर सिंह चौहान, जयप्रकाश राणा, बीरेंद्रराणा, रमेश रावत, सुनील पंवार, रंगकर्मी व फिल्म निर्माता प्रदीप भण्डारी आदि शामिल रहे। इस मौके अवसर पर मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने अपने संबोधन में कहा कि मुझे अपनी संस्कृति पर गर्व है और इसी के अंतर्गत आज मसूरी में बूढी दीवाली का आयोजन किया गया है। यह पर्व राष्ट्रीय दीपावली से एक माह बाद मनाया जाता है। संपूर्ण यमुना, टोंस व रवाईं घाटी अपनी विरासत व त्यौहारों को बड़े मनोयोग से मनाते आए हैं और यह क्षेत्र सांस्कृतिक रूप से बहुत समृद्ध है। इस अवसर पर नेहा जोशी ने भी क्षेत्र के लोगों को बूढी दीपावली की हार्दिक शुभकामाएं दी।