भारी बारिश के बीच बरसाती नाले में वाहन फंसा, 1 की मौत, 2 गायब, बचाव व राहत कार्य जारी

-सीएम ने घटना पर जताया दुख, प्रशासन को तेजी के साथ बचाव कार्य संचालित करने व घायलों को उपचार प्रदान करने के निर्देश

-SDRF व पुलिसकर्मियों की ओर से घटना में लापता लोगों की तलाशी का काम जारी, अब तक बताए जा रहे हैं दो गायब

देहरादून, चंपावत के टनकपुर किरौड़ा नाला में भारी बारिश के बीच आए तेज बहाव के कारण एक वाहन बह गया. जिसमें 9 लोग सवार थे. इसको लेकर एसडीआरएफ व पुलिस ने रेस्क्यू अभियान जारी रखा हुआ है. बताया जा रहा है कि इसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि, दो का अब तक पता नहीं चल पाया है. कुछ को सुरक्षित निकाला जा चुका है. एसडीआरएफ टीम उप निरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में मय रेस्क्यू उपकरणों के तत्काल घटनास्थल के लिए 2 टीमें रवाना हुई. एसडीआरएफ की एक टीम ने 1.5 किमी सड़क मार्ग से घटनास्थल पर पहुंच कर रेस्क्यू कार्य शुरू किया. जबकि, दूसरी टीम बरसाती नाले के अंतिम सिरे शारदा नदी के पास से सर्च अभियान शुरू किया.

गायब लोगों की तलाश जारी 

एसडीआरएफ टीम के द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर देखा गया कि वाहन में 9 लोग सवार थे. जिनमें से 3 लोगों को पूर्व में ही पोकलैंड के द्वारा निकाला जा चुका था. इसके साथ ही पुलिस व लोगों की सहायता के साथ कड़ी मशक्कत से 4 लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया. जिसमें से 1 महिला की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी. 2 व्यक्ति अब भी लापता है. जिसकी सर्चिंग एसडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार की जा रही है. इधर, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुख जताया है. उन्होंने स्थारनीय प्रशासन को तेजी के साथ बचाव कार्य संचालित करने के साथ ही घायलों को समुचित उपचार प्रदान करने के निर्देश दिए हैं. SDRF व पुलिसकर्मियों की ओर से इस दुर्घटना में लापता लोगों की तलाश की जा रही है.