
देहरादून, जंगली जानवरों को अवैध शिकार करने वालों का गिरोह दून व उसके आउटर इलाकों में सक्रिय है. वन विभाग के लाख कोशिशों के बावजूद शिकारी पकड़ में नहीं आ रहे हैं. यहां तो पेशेवर शिकारियों ने गुलदार तक को निशाने पर ले लिया है. सोमवार को ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पौंधा, कडोली में कुछ अवैध शिकारियों ने लैपर्ड को फांस में फंसाने का पूरा षडयंत्र रचा था. गुलदार जाल में भी फंस गया. लेकिन वन विभाग के मुख्यालय की रेस्क्यू टीम ने मौके पर तत्काल पहुंचकर गुलदार को बचा डाला. फिलहाल, गुलदार को दून जू में रखा गया है. जहां डॉक्टरों की टीम गुलदार की देखभाल कर रही है. गुलदार का पहला बांया साइड का पैर चोटिल हुआ है. इधर, दून चिड़ियाघर के डायरेक्टर पीके पात्रो ने बताया कि अवैध शिकार करने वालों अब खैर नहीं. इसके तहत वन अधिनियम के तहत केस भी दर्ज कर लिया गया है. इधर, मंगलवार से ऐसे अवैध शिकारियों की धरपकड़ के लिए करीब चार टीमें रवाना कर दी गई हैं. सुबह से ही हर्बटपर, सहसपुर, कंडोली, पौंधा आदि इलाकों में टीमों की ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है. हालांकि दोपहर तक वन विभागों की टीमों के हाथ कुछ नहीं लग पाया था.