आस्था: बदरी-केदार के शीतकालीन दर्शन को बड़ी संख्या में पहुंच रहे देश दुनिया के श्रद्धालु
देहरादून, बदरीनाथ व केदारनाथ धाम के शीतकालीन पूजा स्थलों में खासी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। अब तक 12 हजार 857 श्रद्धालु बदरीनाथ धाम व केदारनाथ धाम के शीतकालीन पूजा स्थलों के दर्शन कर चुके हैं।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि बदरीनाथ धाम के शीतकालीन पूजास्थल एवं आदि गुरु शंकराचार्य के शीतकालीन गद्दी स्थल नृङ्क्षसह मंदिर ज्योर्तिमठ (जोशीमठ) में 22 नवंबर 2021 से 16 जनवरी 2022 तक दो हजार 449 श्रद्धालु शीतकालीन पूजा में शामिल हुए।
श्री बदरीनाथ धाम के शीतकालीन पूजा स्थल एवं उद्धव जी व कुबेर जी के शीतकालीन प्रवास योग बदरी- पांडुकेश्वर में 45 श्रद्धालु पहुंचे। वहीं केदारनाथ धाम एवं द्वितीय केदार मद्महेश्वर के गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में नौ नवंबर 2021 से 16 जनवरी 2022 तक 10 हजार 363 श्रद्धालु पहुंचे हैं। जबकि गंगोत्री धाम के शीतकालीन गद्दी स्थल मुखवा (मुखीमठ) तथा यमुनोत्री मंदिर के शीतकालीन प्रवास खरसाली (खुशीमठ) में पूजन जारी है। उन्होंने बताया कि बदरीनाथ एवं केदारनाथ धाम के शीतकालीन पूजा स्थलों में अभी तक कुल 12 हजार 857 तीर्थयात्री पहुंचे हैं।