नैनीताल 03 जून 2019 (सूचना)- आयुक्त कुमाऊॅ मण्डल श्री राजीव रौतेला की पहल पर तथा जिलाधिकारी श्री विनोद कुमार सुमन की देखरेख में पर्यटको के मनोरंजन एवं राज्य की सांस्कृति विरासत से पर्यटकों को अवगत कराने के लिए दूसरे वर्ष भी पर्यटन सीजन में ग्रीष्मकालीन संगीतमय संध्या का आयोजन फ्लैट्स मैदान में किया जा रहा है। जिसका सोमवार को विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि आयुक्त कुमाऊॅ मण्डल श्री राजीव रौतेला, डीआईजी अजय जोशी व जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया।
इस अवसर पर श्री रौतेला ने कहा कि संगीतमय संध्या के आयोजन का मुख्य उद्देश्य पर्यटकों को रात्रि के समय में सगीत से जोड़कर मनोरजन करने के साथ ही राज्य की संस्कृति से भी रूबरू कराना है और उभरती हुई प्रतिभाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पर्यटक दिन भर नैनीताल क्षेत्र के भ्रमण पर व्यवस्त रहते हैं और रात्रि में शहर में मनोरंजन के साधनों में वृद्धि के लिए भी संगीतमय संध्या का आयोजन किया जा रहा है।
सोमवार को आयोजित संगीतमय संध्या कार्यक्रम में कुमाऊॅ सांस्कृतिक उत्थान समिति खुरपाताल ने माॅ भगवती की वन्दा के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरूआत की तथा समिति द्वारा प्रस्तुत कुमाऊॅ सांस्कृतिक प्रस्तुति लाली हो पधानी लाली तीले धारो बोला, गोविन्दी तेरी गुलाबी साड़ी ने जनता को मंत्रमुग्ध कर दिया। गायक स्वरित जोशी द्वारा प्रस्तुत गीत तेरी गलियाॅ-गलियाॅ तेरी , अब मुझे रात दिन तेरा ही ख्याल है, ले जाये जाने कहाॅ, अपर जिलाधिकारी हरबीर सिंह ने ’’अकेले ही चले आयो’’ तथा हेमलता भट्ट ने ’’आज फिर जीने की तमन्ना है’’ के साथ ही अपर जिलाधिकारी हरबीर व हेमलता भट्ट द्वारा संयुक्त रूप से प्रस्तुत गीत ’’ये दिल तुम बिन कहीं लगता नहीं हम क्या करें’’ ने भी जनता का मन मोह लिया।

